‘इंडिया’ गठबंधन का अंत: भाजपा ने तमिलनाडु में कांग्रेस-द्रमुक में दरार पर कहा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-05-2026
BJP on the rift between the Congress and DMK in Tamil Nadu
BJP on the rift between the Congress and DMK in Tamil Nadu

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) को तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन देने और अपने दीर्घकालिक सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) से अलग होने के लिए बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उसका अपने सहयोगियों को "धोखा देने" का इतिहास रहा है।
 
भाजपा ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर भी हमला करते हुए दावा किया कि गठबंधन "ताश के पत्तों की तरह धराशाही हो रहा है" और इसमें कोई साझा विचारधारा या दृष्टिकोण नहीं है।
 
सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु कांग्रेस ने राज्य में धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने के लिए टीवीके नेता विजय को समर्थन देने का फैसला किया है।
 
कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की मंगलवार देर रात हुई एक आपात बैठक में टीवीके को समर्थन देने का निर्णय लिया गया।
 
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि चार मई को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन प्रभावी रूप से समाप्त हो गया है।
 
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शायद ही कोई ऐसा हो जिसे कांग्रेस ने धोखा न दिया हो। सोचिए, अगर उन्होंने द्रमुक के साथ ऐसा किया है तो समाजवादी पार्टी के साथ क्या करेंगे।’’