Tension flared again at Kolkata's SRFTI over the removal of the stage of protesting students.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) में शनिवार को अस्थायी मंच हटाए जाने को लेकर फिर तनाव पैदा हो गया। यह मंच संस्थान के प्रशासनिक भवन के सामने कुछ छात्रों ने सितंबर में अपने ऊपर कथित हमले के विरोध में बनाया था।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह एसआरएफटीआई में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और सुरक्षाकर्मियों ने संस्थान के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर लोहे के अवरोधक लगा दिए।
उन्होंने कहा कि अस्थायी ढांचे को हटाए जाने के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने दावा किया कि 27 सितंबर को परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े एक संगठन के सदस्यों के बीच झड़प के बाद उन पर कथित हमले हुए थे, जिसके विरोध में प्रशासनिक भवन के सामने अस्थायी मंच बनाया गया था।
एसआरएफटीआई ने 19 नवंबर को नोटिस जारी कर प्रदर्शनकारी छात्रों को अस्थायी ढांचे को हटाने का निर्देश दिया था।
संस्थान ने शनिवार सुबह जारी एक बयान में कहा कि ‘‘अवैध ढांचे को अदालत के हस्तक्षेप और कोलकाता पुलिस के सहयोग से हटाया गया।’’
इसने कहा कि इससे पहले प्रशासन ने छात्रों को ढांचा हटाने के लिए कई बार मौखिक और लिखित रूप से याद दिलाया था। साथ ही, परिसर में अवैध ढांचे और अनधिकृत एवं गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ औपचारिक नोटिस भी जारी किए थे।
प्रदर्शनकारी छात्रों में से एक ने आरोप लगाया कि उन्हें परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा, क्योंकि पुलिस ने मुख्य द्वार बंद कर दिया और अवरोधक लगा दिए।
चार अक्टूबर को छात्रों पर दूसरी बार कथित हमले के बाद विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया था। इस दौरान कुलपति संतोष अजमेरा के इस्तीफे की मांग भी की गई।