नई दिल्ली
भारत के ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एमिरेट्स सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज एंड रिसर्च (ईसीएसएसआर) ने अपनी संस्थागत साझेदारी का विस्तार किया है। दोनों संस्थान अब शोध, रणनीतिक संवाद और विभिन्न सम्मेलनों के माध्यम से भारत-यूएई संबंधों को आगे बढ़ाने पर मिलकर काम करेंगे।
ओआरएफ की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विस्तारित साझेदारी का उद्देश्य बदलते वैश्विक भू-राजनीतिक और सुरक्षा परिदृश्य के बीच द्विपक्षीय और बहुपक्षीय महत्व के नए विचारों तथा पहलों को विकसित करना है।
इस सहयोग के तहत दोनों संस्थान “Rethinking Security in the Arabian Sea for Common Prosperity” शीर्षक से एक संयुक्त अध्ययन करेंगे। इसमें अरब सागर के बदलते सुरक्षा परिदृश्य का विश्लेषण किया जाएगा और भारत, यूएई तथा अन्य क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के बीच सहयोग बढ़ाकर उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के उपाय तलाशे जाएंगे।
संयुक्त अध्ययन में पारंपरिक सुरक्षा मुद्दों के अलावा रणनीतिक महत्व के नए क्षेत्रों पर भी ध्यान दिया जाएगा। इनमें महत्वपूर्ण समुद्री बुनियादी ढांचे, समुद्र के नीचे बिछाई गई संचार केबलों, नई तकनीकों, स्वायत्त प्रणालियों और युद्ध के बदलते स्वरूप जैसे विषय शामिल होंगे।
ओआरएफ के अध्यक्ष डॉ. समीर सरन ने कहा कि अरब सागर ऐतिहासिक रूप से सभ्यताओं के आदान-प्रदान का प्रमुख केंद्र रहा है। इसके माध्यम से व्यापार, भाषा, विज्ञान, संस्कृति और समाजों का संपर्क दुनिया के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचा।
उन्होंने कहा, “अरब सागर सभ्यताओं का पालना रहा है। इसने केवल हमारे साझा भौगोलिक क्षेत्रों तक ही नहीं, बल्कि दुनिया के दूर-दराज के हिस्सों तक भाषा, व्यापार, वस्तुओं, विज्ञान, संस्कृति और समाजों को पहुंचाया है।”
डॉ. सरन ने कहा कि क्षेत्र के प्रमुख हितधारक पारंपरिक और गैर-पारंपरिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर नए सिरे से विचार कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों संस्थानों की साझेदारी शोध और संवाद के आधार पर ठोस नीतिगत सुझाव तैयार करने में मदद करेगी।
ईसीएसएसआर के महानिदेशक डॉ. सुल्तान मोहम्मद अलनुआइमी ने कहा कि भारत और यूएई के संबंध अब साझा हितों से आगे बढ़कर सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि के साझा दृष्टिकोण की ओर विकसित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितता के दौर में थिंक टैंक की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती को भविष्य के लिए उपयोगी विचारों और व्यावहारिक नीतिगत सुझावों में बदल सकते हैं।
अलनुआइमी ने कहा कि ओआरएफ के साथ विस्तारित साझेदारी इसी सोच को दर्शाती है। संयुक्त अध्ययन का उद्देश्य सुरक्षा की व्यापक समझ विकसित करना, उभरती रणनीतिक चुनौतियों का समाधान तलाशना और साझा समृद्धि को आधार देने वाले आर्थिक तथा तकनीकी नेटवर्क की मजबूती बढ़ाना है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और यूएई के संबंध आर्थिक, रणनीतिक और राजनीतिक क्षेत्रों में तेजी से मजबूत हुए हैं। वर्ष 2022 में हस्ताक्षरित यूएई-भारत व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) ने दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को नई गति दी है।
दोनों देश सुरक्षा, संपर्क व्यवस्था, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और अन्य साझा हितों के क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ा रहे हैं।
ओआरएफ और ईसीएसएसआर संयुक्त शोध, विचार-विमर्श, विशेषज्ञ संवाद और विभिन्न सम्मेलनों के माध्यम से अरब सागर क्षेत्र में भविष्य की नीतिगत चर्चाओं को आगे बढ़ाने तथा भारत-यूएई संबंधों के बौद्धिक और रणनीतिक आधार को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।