तमिलनाडु ने न्यायालय में स्थिति रिपोर्ट दाखिल की, दीपथून पर दीपम नहीं जलाने के लिए खेद जताया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-11-2026
Tamil Nadu files status report in court, expresses regret for not lighting Deepam on Deepathoon
Tamil Nadu files status report in court, expresses regret for not lighting Deepam on Deepathoon

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून में पारंपरिक दीपम नहीं जलाए जाने के लिए उच्चतम न्यायालय से माफी मांगी, लेकिन इसके लिए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। सरकार ने कहा कि मंदिर अधिकारियों ने दीपम प्रज्वलित करने के लिए प्रस्तावित दल को अधिकृत नहीं किया था।
 
मंगलवार को वार्षिक कार्तिगई दीपम पहाड़ी पर स्थित उस पत्थर के स्तंभ पर प्रज्वलित नहीं किया गया जहां शीर्ष अदालत ने दीपम जलाने का निर्देश दिया था, जबकि इसे तिरुपरनकुंद्रम स्थित पारंपरिक उचिपिल्लयार मंडपम में प्रज्वलित किया गया।
 
न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ के समक्ष मदुरै के जिलाधिकारी निशांत कृष्णा ने अंतरिम स्थिति रिपोर्ट दाखिल की। राज्य सरकार ने कहा कि जिला प्रशासन ने शीर्ष अदालत के 20 नवंबर के उस आदेश के कार्यान्वयन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली थीं, जिसमें मंदिर प्रशासन द्वारा अधिकृत एक सीमित दल के माध्यम से दीपथून में दीपक प्रज्वलित करने की अनुमति दी गई थी।
 
राज्य सरकार ने रिपोर्ट में दावा किया कि शीर्ष अदालत के आदेश का पालन नहीं किया जा सका क्योंकि मंदिर के न्यासी बोर्ड ने इस कार्य को संपन्न कराने के लिए प्रस्तावित दल को अधिकृत नहीं किया। इसके बजाय बोर्ड ने पारंपरिक स्थान पर कार्तिगई महादीपम जलाने की प्रचलित परंपरा का पालन करने का निर्णय लिया।
 
स्थिति रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘मैंने सद्भावना के साथ अदालत के आदेश का पालन करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए। मेरी ओर से इस माननीय अदालत के किसी भी निर्देश की जानबूझकर अवहेलना नहीं की गई है। मैं इस माननीय अदालत के आदेशों का अत्यंत सम्मान करता हूं और इसके द्वारा दिए जाने वाले प्रत्येक निर्देश का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।’’