Cabinet approves construction of new airport in Silchar at a cost of Rs 2,014 crore
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नया हवाई अड्डा बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि सिलचर के डोलू में प्रस्तावित नए हवाई अड्डे पर व्यस्ततम समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी।
इस परियोजना पर 2,014 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसके लिए वित्त का इंतजाम भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) अपने आंतरिक संसाधनों से करेगा।
वैष्णव ने कहा कि नया हवाई अड्डा बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्र को हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने में भी मदद करेगा।
फिलहाल सिलचर हवाई अड्डे का स्वामित्व भारतीय वायुसेना और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के पास है। वहां 70 एकड़ में फैले हिस्से से नागरिक विमान सेवाओं का संचालन होता है।