वडोदरा में जैश का संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार, वायुसेना स्टेशन पर हमले की साजिश रची थी: एटीएस

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-11-2026
Suspected Jaish member arrested in Vadodara, plotted attack on Air Force station: ATS
Suspected Jaish member arrested in Vadodara, plotted attack on Air Force station: ATS

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने वडोदरा में स्थित वायुसेना (आईएएफ) स्टेशन सहित सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमले की कथित साजिश को नाकाम करते हुए जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार कर उसके पास से असॉल्ट राइफल और गोला-बारूद बरामद किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 
उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील जोशी ने बताया कि असम के करीमगंज निवासी आरोपी मोहम्मद सहरुल इस्लाम कबीरुद्दीन (22) को बृहस्पतिवार रात हलोल-वडोदरा रोड पर एक होटल के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह ‘डेड ड्रॉप’ के जरिए एके-47 जैसी राइफल हासिल करने के बाद दाहोद से लौट रहा था।
 
‘डेड ड्रॉप’ किसी गुप्त स्थान पर आमने-सामने संपर्क किए बिना सामान या सूचना पहुंचाने का एक तरीका है।
 
एटीएस के अनुसार टीम ने आरोपी के पास से एके-47 जैसी दिखने वाली स्वचालित असॉल्ट राइफल, दो खाली मैगजीन, तीन कारतूस, जैश-ए-मोहम्मद का एक झंडा, दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड और 20,000 रुपये नकद बरामद किए।
 
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी को कथित तौर पर वडोदरा स्थित वायु सेना स्टेशन के गेट पर हमला करने का काम सौंपा गया था और उसके मोबाइल फोन से वायु सेना स्टेशन की तस्वीरें बरामद की गईं।
 
जोशी ने पत्रकारों को बताया कि एटीएस को सूचना मिली थी कि गुजरात के बाहर का एक व्यक्ति, जिसका कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद से संबंध है, अपने आका के संपर्क में है और राज्य में सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर आतंकवादी हमला करने की साजिश रच रहा है।
 
उन्होंने बताया कि आरोपी को उस समय रोका गया जब वह ‘डेड ड्रॉप’ के जरिए हथियार लेने के बाद दाहोद से वडोदरा जा रहा था।
 
एटीएस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि कबीरुद्दीन असम से भोपाल गया था और फिर वडोदरा पहुंचा जहां वह सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में ठहरा था। इसके बाद वह ‘डेड ड्रॉप’ के जरिए हथियार हासिल करने के लिए दाहोद गया था।
 
एटीएस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की तो पता चला कि वह कथित तौर पर पिछले एक साल से पाकिस्तान स्थित अपने आका मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के संपर्क में था।