Supreme Court asks Centre, Directorate of Census Operations to submit census details
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार और जनगणना संचालन निदेशालय को एक सप्ताह के भीतर जनगणना कराने से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) रिकॉर्ड पर रखने का निर्देश दिया। इसमें जाति संबंधी जानकारी दर्ज करने और उसके सत्यापन के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया तथा सुरक्षा उपाय भी शामिल होंगे।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी की इस दलील का संज्ञान लिया कि वह अदालत को संबंधित एसओपी के बारे में जानकारी देंगी। पीठ ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर इसका ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा।
पीठ ने 12 अक्टूबर के अपने आदेश में सॉलिसिटर जनरल से जनगणना के लिए अपनाई जा रही एसओपी को रिकॉर्ड पर रखने को कहा था। उसने केंद्र के एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड और सॉलिसिटर जनरल के कार्यालय को मामले से संबंधित दस्तावेजों का पूरा सेट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया था।
आकाश गोयल की ओर से दायर याचिका में जनगणना के संबंध में 14 अगस्त को जारी अधिसूचना के तहत जाति संबंधी जानकारी एकत्र करने और उसका सत्यापन करने की प्रक्रिया तथा सुरक्षा उपायों को लेकर चिंता जताई गई है।
याचिका में एक पारदर्शी और व्यावहारिक व्यवस्था का अनुरोध किया गया, जिसके तहत सरकार द्वारा जारी जाति प्रमाण-पत्रों के पहचान संबंधी विवरणों को दर्ज किया जा सके और सक्षम अधिकारियों के माध्यम से उनकी प्रमाणिकता की जांच की जा सके।
याचिका में जाति संबंधी जानकारी एकत्र करने और उसका सत्यापन करने की प्रक्रिया, संबंधित परिवार अनुसूची तथा इस संबंध में लागू निर्देशों का खुलासा करने के साथ ही, व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।