Strict action taken in NEET paper leak case, will not allow youth's future to be spoiled: Modi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है ताकि कोई भी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ न कर सके।
साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सभी राज्य सरकारों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र के साथ मिलकर काम करना चाहिए।
मोदी ने यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक में यह बात कही। यह बैठक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व में हजारों छात्रों के ‘चलो संसद’ मार्च और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के एक दिन बाद हुई।
मंगलवार को आयोजित इस बैठक का नाम ‘मंगल मिलन’ रखा गया था। बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि प्रश्नपत्र लीक की खबर सामने आते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
रीजीजू ने कहा, ‘‘साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए नीट की पुनर्परीक्षा को प्राथमिकता दी गई, उसका सफलतापूर्वक आयोजन कराया गया और परिणाम भी बिना किसी देरी के घोषित किए गए।’’
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
रीजीजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह भी जोर दिया कि प्रश्नपत्र लीक मामले के दोषियों को देश के शीर्ष विधि विशेषज्ञों की सहायता से यथासंभव कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि ऐसे गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ नजीर पेश करने वाली कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रीजीजू ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य से कोई खिलवाड़ न कर सके, इसके लिए सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं रोकने के लिए सभी राज्य सरकारों और केंद्र सरकार को दलगत भावना से ऊपर उठकर, मिलकर काम करना होगा। यह राजनीति का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित का विषय है।’’