आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देशों का पालन नहीं करने पर एक पुलिस अधीक्षक (एसपी) को दोषी ठहराने और उन पर जुर्माना लगाने वाले बिहार के न्यायिक अधिकारी को सोमवार को फटकार लगाते हुए उच्चतम न्यायालय ने कहा कि “बाहुबली की तरह व्यवहार करना बंद करें”।
प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने बिहार के न्यायाधीश अनिल कुमार के आचरण पर सवाल उठाए और कहा कि कानून की उनकी समझ बेहद भयावह है।
न्यायमूर्ति बागची ने मौखिक टिप्पणी में कहा, “कानून की आपकी समझ से हम वास्तव में हैरान हैं। आपको पहले बीएनएसएस की धारा 384 और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 345 के दायरे और व्यापकता को समझना चाहिए। यदि कोई किसी को थप्पड़ मारता है या अदालत में गाली-गलौज करता है, या निर्देश दिए जाने के बावजूद अदालत कक्ष से बाहर जाने से इनकार करता है, तो यह अदालत के समक्ष किया गया अपराध है। लेकिन यदि हम किसी को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देते हैं और वह ऐसा नहीं करता, तो यह अदालत के समक्ष किया गया अपराध नहीं है।”
उन्होंने कहा, “कानून की आपकी समझ बेहद भयावह है। आपने इतना आक्रामक रुख भी अपनाया, अधीक्षक को फोन किया और उसी दिन उसे दोषी ठहरा दिया।”
न्यायमूर्ति बागची ने कहा, “जब आपने जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को बुलाया, उनकी अनुपस्थिति को अदालत के सामने किया गया अपराध माना और उन्हें दोषी ठहराकर सजा सुनाई, तब क्या आप अपने अधिकार क्षेत्र और न्यायिक शक्तियों के दायरे में थे? आप भी अपने हाथ रोकिए। मर्यादा में रहें।”