आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कश्मीर में तापमान लगातार गिर रहा है और श्रीनगर में लगातार पांचवीं रात इस मौसम की अब तक की सबसे कम तापमान वाली रात रही। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान में बुधवार रात के शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे के मुकाबले मामूली गिरावट दर्ज की गई।
घाटी के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहा।
कश्मीर में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पिछली रात यहां तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में घाटी के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कश्मीर में कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में यह 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने घाटी में इस महीने के अंत तक मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। साथ ही, रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।