सपा मुसलमानों को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिए बिना ही उनके वोट मांगती है : ओवैसी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
SP seeks Muslim votes without giving them adequate political representation: Owaisi
SP seeks Muslim votes without giving them adequate political representation: Owaisi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बृहस्पतिवार को भाजपा और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन पर संविधान की रक्षा करने और मुसलमानों के लिए पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
 
संविधान दिवस पर लखनऊ में ‘समाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की पहली संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए, ओवैसी ने विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की और कहा कि यह गठबंधन भाजपा को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकेगा।
 
‘समाजिक परिवर्तन मोर्चा’, एआईएमआईएम और नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच एक गठबंधन है।
 
मोर्चा ने आगामी उप्र विधानसभा चुनाव के लिए चंद्रशेखर आजाद को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
 
बी आर आंबेडकर का हवाला देते हुए, ओवैसी ने कहा कि संविधान स्वतंत्रता, बंधुत्व, न्याय और समानता की गारंटी देता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर इन सिद्धांतों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया।
 
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा, ‘‘न्याय बुलडोजर या मुठभेड़ से नहीं मिलेगा। न्याय बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान से मिलेगा। कानून का राज फिर से बहाल होगा।’’
 
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि इसका इस्तेमाल संविधान को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है।