द. अफ्रीका के शॉपिंग मॉल दिवाली उत्सवों को ब्लैक फ्राइडे सेल से जोड़कर उठा रहे हैं कारोबारी फायदा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-11-2026
South African shopping malls are combining Diwali festivities
South African shopping malls are combining Diwali festivities

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख शॉपिंग मॉल में इस साल अभूतपूर्व संख्या में दिवाली उत्सव आयोजित किए गए हैं, जिसके जरिये रोशनी के इस त्योहार को पारंपरिक ‘ब्लैक फ्राइडे सेल’ से जोड़ा जा रहा है। दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में ब्लैक फ्राइडे की छूट का दायरा बढ़कर पूरे नवंबर महीने तक विस्तारित हो गया है, जिसे अब 'ब्लैक नवंबर' कहा जाने लगा है।
 
दिवाली उत्सव और ब्लैक फ्राइडे सेल के बीच व्यावसायिक जुड़ाव की मुख्य वजह इन दोनों अवसरों का कैलेंडर में एक-दूसरे के करीब होना है। दिवाली नवंबर की शुरुआत में मनाई जाती है, जबकि ब्लैक फ्राइडे महीने के आखिरी शुक्रवार को होता है।
 
शॉपिंग मॉल और बड़े खुदरा कारोबारी दिवाली को साल की चौथी तिमाही में त्योहारी खरीदारी की शुरुआत के आधिकारिक अवसर के रूप में इस्तेमाल करते हैं। खरीदारी का यह सिलसिला दिसंबर में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर अपने चरम पर पहुंचता है।
 
दक्षिण अफ्रीका के खुदरा कारोबारी अब ब्लैक फ्राइडे को केवल एक दिन तक सीमित रखने के बजाय पूरे नवंबर महीने में छूट और विशेष ऑफर देते हैं। ऐसे में दिवाली उनके लिए नवंबर की शुरुआत में अस्थायी बाजार और भारतीय संगीत एवं नृत्य से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का अवसर बन गई है। इन आयोजनों के जरिये ग्राहकों को मॉल तक आकर्षित किया जाता है।