आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू कश्मीर में सेना का वाहन खाई में गिरने से जान गंवाने वाले जवान एसआर अरुण राज का शनिवार को यहां चेलन्नूर में उनके पैतृक स्थान पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हवलदार राज (40) और उनके एक साथी की बुधवार को कारगिल में सेना का वाहन खाई में गिरने से मौत हो गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, राज का पार्थिव शरीर शुक्रवार रात नेदुम्बस्सेरी स्थित कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे लाया गया। इसके बाद लोगों के अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर कोझिकोड स्थित सेना शिविर में रखा गया। वहां से उसे उनके पैतृक स्थान चेलन्नूर ले जाया गया।
बड़ी संख्या में लोग जवान को अंतिम विदाई देने के लिए उनके आवास पर एकत्र हुए।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
राज्य सरकार की ओर से जिला कलेक्टर एमएस माधवकुट्टी ने जवान को श्रद्धांजलि दी। विधायक विद्या बालकृष्णन और वीटी सूरज भी इस दौरान मौजूद रहे।
राज पिछले 21 वर्षों से मद्रास इंजीनियरिंग ग्रुप में सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार में मां शीला, पत्नी रेशमा और बेटी आध्या अरुण हैं।