Soren moves resolution against amended mining law, claims annual revenue loss of Rs 13,000 crore
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संशोधित खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम को वापस लेने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने दावा किया कि इस कानून के लागू होने से राज्य को सालाना करीब 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है।
प्रस्ताव पेश करते हुए सोरेन ने कहा कि अगस्त में संसद द्वारा पारित यह संशोधन राज्य की वित्तीय स्थिति और कल्याणकारी एवं विकास कार्यक्रमों के वित्तपोषण की क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इस अधिनियम के लागू होने से राज्य सरकार को सालाना करीब 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व का भारी नुकसान होने की आशंका है जिससे राज्य की सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण विकास और अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवश्यक धन जुटाने में कठिनाई होगी।’’
सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार फिलहाल खनिज अधिकारों या खनिज युक्त भूमि पर उपकर के जरिए सालाना करीब 13,000 करोड़ रुपये जुटाती है। इस राशि का इस्तेमाल सामाजिक-आर्थिक विकास और कल्याणकारी कार्यक्रमों के वित्तपोषण में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि संशोधित एमएमडीआर अधिनियम के लागू होने के बाद राज्य सरकार खनिज अधिकारों या खनिज युक्त भूमि पर किसी भी प्रकार का कर, उपकर या अन्य शुल्क नहीं लगा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र से संशोधन पर पुनर्विचार करने या उसे वापस लेने का आग्रह करते हुए कहा कि झारखंड के संवैधानिक और वित्तीय अधिकार बरकरार रहने चाहिए।