Sick astronaut returns to Earth ahead of schedule in NASA's first medical emergency return
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से एक बीमार अंतरिक्ष यात्री बृहस्पतिवार को तीन अन्य साथियों के साथ पृथ्वी पर लौट आया। इसके साथ ही अंतरिक्ष स्टेशन का उन लोगों का मिशन करीब महीने पहले ही समाप्त हो गया।
स्वास्थ्य कारणों को लेकर अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष स्टेशन से वापस धरती पर लाने का नासा का यह पहला अभियान था।
इन अंतरिक्ष यात्रियों के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से बाहर निकलने के 11 घंटे बाद, ‘स्पेसएक्स’ ने कैप्सूल को सैन डिएगो के पास प्रशांत महासागर में आधी रात को सफलतापूर्वक उतारा।
नासा के नये प्रशासक जेरेड आइज़ैकमैन ने लैंडिंग के बाद कहा, ‘‘स्पष्ट रूप से, हमने यह कदम (समय से पहले वापसी) इसलिए उठाया कि यह एक गंभीर चिकित्सा आपात स्थिति थी। बीमार अंतरिक्ष यात्री अभी ठीक है, उसका मनोबल अच्छा है और उसकी सभी आवश्यक चिकित्सा जांच की जा रही है।’’
अगस्त में शुरू हुए इस मिशन का यह अप्रत्याशित अंत था, जिसके बाद आईएसएस में केवल एक अमेरिकी और दो रूसी यात्री ही रह गए हैं। नासा और स्पेसएक्स ने कहा कि वे चार-सदस्यीय नये दल को अंतरिक्ष में भेजने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। वर्तमान में, यह मध्य फरवरी के लिए लक्षित है।
नासा की ज़ेना कार्डमैन और माइक फिंके के साथ जापान के किमिया युई और रूस के ओलेग प्लाटोनोव भी वापस आए। अधिकारियों ने चिकित्सा गोपनीयता का हवाला देते हुए बीमार अंतरिक्ष यात्री की पहचान बताने या घटना के बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया है।
कक्षा में अंतरिक्ष यात्री की हालत स्थिर थी, लेकिन नासा उन्हें उपयुक्त देखभाल और स्वास्थ्य जांच के लिए जल्द से जल्द पृथ्वी पर वापस लाना चाहता था।
अधिकारियों ने बताया कि पृथ्वी पर उतरने के लिए किसी विशेष व्यवस्था या समायोजन की आवश्यकता नहीं थी और बचाव पोत में हमेशा की तरह चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम मौजूद थी।
पानी में उतरने के एक घंटे के भीतर ही अंतरिक्ष यात्री एक-एक कर कैप्सूल से बाहर निकले। फिर उन्हें नियमित चिकित्सा जांच के लिए ले जाया गया।
फिलहाल यह पता नहीं चल पाया कि अंतरिक्ष यात्री कैलिफोर्निया से ह्यूस्टन के लिए कब उड़ान भरेंगे। प्लाटोनोव की मॉस्को वापसी भी अनिश्चित है।
नासा ने पिछले सप्ताह बार-बार इस बात पर ज़ोर दिया कि यह कोई आपातकालीन स्थिति नहीं थी। अंतरिक्ष यात्री सात जनवरी को बीमार पड़ गए या घायल हो गए, जिसके चलते नासा ने कार्डमैन और फिंके की अगले दिन की ‘स्पेसवाक’ को रद्द कर दिया और अंततः उन्हें समय से पहले वापस लौटना पड़ा।र्चा करते हैं।