Shubhendu Adhikari: I will vacate one of the two seats in 10 days.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हाल में हुए विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भवानीपुर में हराकर और नंदीग्राम से तीसरी बार जीत हासिल करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि वह 10 दिनों के भीतर दोनों में से एक सीट खाली कर देंगे।
अधिकारी ने यह भी कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा कि वह कौन सी सीट बरकरार रखेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं 10 दिन के भीतर एक सीट खाली कर दूंगा। पार्टी तय करेगी कि मैं कौन सी सीट बरकरार रखूंगा। भवानीपुर और नंदीग्राम के लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी मैं नहीं भूलूंगा।’’
अधिकारी ने सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ममता बनर्जी के राजनीतिक गढ़ भवानीपुर में सोमवार को उन्हें 15,000 से अधिक वोट से हराकर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख को करारा झटका दिया और पश्चिम बंगाल में भाजपा की व्यापक लहर के बीच पार्टी को निर्णायक मनोवैज्ञानिक दबाव में ला दिया।
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने उनसे तुरंत विजय जुलूस नहीं निकालने और शांति बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘अभी विजय रैलियां नहीं निकालें। शांति और अनुशासन बनाए रखें। नौ मई के बाद जश्न मनाएं, जिस दिन नयी सरकार बनेगी।’’