आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण शुक्रवार को कोलकाता से खाड़ी देशों के लिए सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक बयान में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में मौजूदा स्थिति के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई, दोहा और अबू धाबी के लिए संचालित होने वाली सात उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
रद्द की गई सेवाओं में एयर अरबिया, एतिहाद एयरवेज, कतर एयरवेज और अमीरात द्वारा संचालित उड़ानें शामिल हैं। ये सभी उड़ानें कोलकाता को खाड़ी क्षेत्र के तीन प्रमुख पारगमन केंद्रों से जोड़ती हैं।
दुबई से कोलकाता और कोलकाता से दुबई आने-जाने वाली अमीरात की उड़ानें रद्द कर दी गईं।
कोलकाता से अबू धाबी जाने वाली एयर अरबिया की उड़ान रद्द कर दी गई, जबकि अबू धाबी से कोलकाता और कोलकाता से अबू धाबी आने-जाने वाली एतिहाद एयरवेज की उड़ानें भी रद्द कर दी गईं।
दोहा जा रही कतर एयरवेज की दो उड़ानें भी रद्द कर दी गईं।
हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एयरलाइन कंपनियां स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उड़ान मार्गों की समीक्षा कर रही हैं।