आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली
भारत में अमेरिका के राजदूत Sergio Gor ने उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध स्मारक Taj Mahal का दौरा किया। ताजमहल के सामने अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “धरती पर बहुत कम जगहें ताजमहल की सुंदरता का मुकाबला कर सकती हैं। करीब 15 साल पहले मैं अपने माता-पिता के साथ यहां आया था। दोबारा लौटकर बेहद खुशी हो रही है।”
इससे पहले राजदूत गोर ने नई दिल्ली में चीफ़ ऑफ मिशन के आवास पर एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। इस डिनर में कई वैश्विक नेता और उद्योग जगत के प्रमुख शामिल हुए। प्रमुख अतिथियों में Raj Subramaniam (सीईओ, FedEx), Sam Altman (सीईओ, OpenAI), Andrej Plenković (प्रधानमंत्री, Croatia), Tshering Tobgay (प्रधानमंत्री, Bhutan), Piyush Goyal (केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री), Sunil Bharti Mittal (चेयरमैन, Bharti Airtel) सहित अन्य बहुराष्ट्रीय कंपनियों के प्रमुख शामिल थे।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री A. Revanth Reddy भी इस रात्रिभोज में उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न वैश्विक उद्योगपतियों और नीति-निर्माताओं से मुलाकात कर तेलंगाना की प्रगतिशील औद्योगिक नीति, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और निवेशक-अनुकूल वातावरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लॉजिस्टिक्स, उन्नत विनिर्माण और हरित ऊर्जा जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश को आसान बनाने के लिए राज्य सरकार की सक्रिय पहल पर प्रकाश डाला।
राजदूत गोर ने यह भी रेखांकित किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump भारत को कितना महत्व देते हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने राष्ट्रपति ट्रंप को भारत आने का निमंत्रण दिया है। अमेरिकी आर्थिक मामलों के अंडर सेक्रेटरी Jacob Helberg और राष्ट्रपति के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सलाहकार Michael Kratsios के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में गोर ने कहा कि फिलहाल यात्रा को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप को भारत का अपना पिछला दौरा बेहद पसंद आया था।
उन्होंने कहा, “जब राष्ट्रपति ने मुझे भारत में राजदूत के रूप में नामित किया, तब उन्होंने भारत की अद्भुत जीवंतता, रंगों, इतिहास और संस्कृति की सराहना की थी। मुझे विश्वास है कि वह भविष्य में फिर से भारत आएंगे।”





