Senior Congress leader Mohsina Kidwai passes away, Kharge and Rahul express grief
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का बुधवार को 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया और पार्टी एवं देश के लिए बड़ी क्षति बताया।
किदवई के परिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्होंने बुधवार तड़के करीब चार बजे नोएडा के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।
वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और कुछ दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिवार में मोहसिना किदवई की तीन बेटियां हैं।
आज शाम पांच बजे दिल्ली के निजामुद्दीन में स्थित कब्रस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
खरगे ने उनके निधन पर दुख जताते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "कांग्रेस पार्टी की दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती मोहसिना किदवई के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने अपने जीवन के छह दशक देश की सेवा में समर्पित कर दिए।"
उन्होंने कहा, "वह लोकसभा और राज्यसभा दोनों की लंबे समय तक सदस्य और कई वर्षों तक कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य रहीं, वह पार्टी के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में भी एक मार्गदर्शक बनी रहीं।"