Schemes for women are "social investments" aimed at ensuring social justice: Kanimozhi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) की उपमहासचिव कनिमोई ने कल्याणकारी योजनाओं को मुफ्त की सौगात कहे जाने पर आपत्ति जताते हुए सोमवार को कहा कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी पहलें “सामाजिक निवेश” हैं, जिनका उद्देश्य सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना है।
अर्थशास्त्रियों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जब लोगों के हाथों में पैसा दिया जाता है, तो यह एक प्रोत्साहन की तरह काम करता है, उनकी क्रय शक्ति बढ़ाता है और आर्थिक विकास में मददगार साबित होता है।
साल 2021 से 2026 के बीच लागू महिलाओं के लिए प्रति माह 1,000 रुपये की सहायता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे लाभार्थियों की खर्च करने की क्षमता बढ़ती है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा पर लोकसभा सदस्य ने कहा कि यह एक सामाजिक निवेश है, जिसका उद्देश्य सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा, “संभव है कि जो लोग मानते हैं कि सामाजिक न्याय नहीं होना चाहिए, वे इसकी आलोचना करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के लिए बस यात्रा योजना से उन्हें काम से जुड़ी आवाजाही में मदद मिलती है और इस तरह यह उनकी आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने में सहायक है।
उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी ने 2021 में किए गए 505 चुनावी वादों में से 404 को पूरा कर लिया है।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्ष में ऐसे कई कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं जो उस समय के घोषणा पत्र में शामिल नहीं थे, जैसे कि स्कूली छात्रों के लिए मुख्यमंत्री नाश्ता योजना।