अदूर प्रकाश की आलोचना पर सतीशन ने तोड़ी चुप्पी, कहा- सभी फैसले पार्टी की नीतियों के अनुरूप

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-10-2026
Satheesan breaks silence on Adoor Prakash's criticism, says all decisions are in line with party policies
Satheesan breaks silence on Adoor Prakash's criticism, says all decisions are in line with party policies

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने सत्तारूढ़ गठबंधन के संयोजक को महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी नहीं देने के आरोपों पर शुक्रवार को पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने सभी फैसले कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की जानकारी और सहमति से लिए हैं तथा इन नेताओं में से लगभग सभी उनके मंत्रिमंडल में शामिल हैं।
 
सतीशन ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के संयोजक अदूर प्रकाश की उस आलोचना का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि गठबंधन के सहयोगी दलों इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और फॉरवर्ड ब्लॉक को कैबिनेट स्तर के दो पद दिए जाने के समय उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। प्रकाश ने सतीशन की कार्यशैली की भी आलोचना की थी।
 
सतीशन ने प्रकाश का नाम लिए बिना कहा, ‘‘समस्या यह है कि कोई कह रहा है कि मैं किसी से चर्चा नहीं कर रहा हूं।’’
 
उन्होंने कहा कि कैबिनेट में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ, केपीसीसी के दो पूर्व अध्यक्ष, कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के एक सदस्य, कांग्रेस के दो प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और दो महिला नेता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता विभिन्न क्षेत्रों के लगभग सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
 
सतीशन से यह पूछा गया था कि क्या कांग्रेस में आंतरिक राजनीतिक कलह पार्टी के लिए अभिशाप है, इस पर उन्होंने कहा, ‘‘हम पार्टी के नेताओं के साथ हर मुद्दे पर चर्चा करते हैं। नीतिगत मामलों पर मैं पार्टी से चर्चा करूंगा। प्रशासनिक मामलों पर पार्टी से चर्चा करने की जरूरत नहीं है, है न? रोजमर्रा के कामकाज के मामलों पर भी पार्टी से चर्चा करने की जरूरत नहीं है। नीतिगत मामलों में पार्टी हमारा मार्गदर्शन करेगी। हम पार्टी की नीतियों को लागू कर रहे हैं।’’