आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पंजाब के संगरूर जिले में एक व्यक्ति ने अपने गांव में मादक पदार्थों की आपूर्ति का वीडियो साझा करने के बाद स्थानीय सरपंच द्वारा धमकी दिए जाने का आरोप लगाया और जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया।
संगरूर के नमोल गांव के रहने वाले जगसीर सिंह उर्फ जग्गा का दावा है कि उसने पुलिस से संपर्क किया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने रविवार को कथित रूप से आत्महत्या की कोशिश की जिसके बाद उसका पटियाला के एक अस्पताल में इलाज हो रहा है।
इस घटना से पहले सात सितंबर को संगरूर में दलित व्यक्ति गुलजार सिंह ने कथित रूप से आत्महत्या की थी। उसके परिवार का आरोप है कि दिड़बा में एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से मादक पदार्थ की आपूर्ति के बारे में सवाल पूछने के कारण उसे परेशान किया गया और जातिसूचक बातें कहीं गईं।
गुलजार की आत्महत्या एक बड़ा विवाद बन गई और विपक्षी दलों ने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि जग्गा सिंह की आत्महत्या की कोशिश के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जग्गा सिंह ने एक वीडियो में दावा किया कि उसने इंटरनेट पर नशीले पदार्थ ‘चिट्टा’ (सिंथेटिक ड्रग्स) की आपूर्ति का वीडियो पोस्ट किया था।