नौकरियों के आवेदनों में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ी, नियोक्ताओं की पहुंच पीछे: रिपोर्ट

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-09-2026
Women's share of job applications rises, employers' reach lags: Report
Women's share of job applications rises, employers' reach lags: Report

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 ‘फ्रंटलाइन’ नौकरियों के लिए आने वाले आवेदन में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़कर 43.5 प्रतिशत हो गई है, लेकिन केवल 13 प्रतिशत नौकरी विज्ञापनों में ही स्पष्ट रूप से महिलाओं को लक्षित किया गया है। एक रिपोर्ट में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
 
फ्रंटलाइन नौकरियों का मतलब ऐसे रोजगार से है जिनमें कर्मचारी सीधे लोगों, ग्राहकों या रोजमर्रा के कारोबारी कामकाज से जुड़े होते हैं।
 
ऑनलाइन भर्ती मंच वर्कइंडिया की तरफ से जारी ‘रोजगार रिपोर्ट’ के मुताबिक, मंच पर महिला आवेदकों की हिस्सेदारी एक साल पहले के 40.4 प्रतिशत से बढ़कर 43.5 प्रतिशत हो गई है।
 
यह रिपोर्ट अप्रैल से जून, 2026 के दौरान 772 शहरों और 50 से अधिक फ्रंटलाइन नौकरी श्रेणियों में 6.5 लाख से अधिक नौकरी के विज्ञापनों और 98 लाख से अधिक नौकरी के आवेदनों के विश्लेषण पर आधारित है।
 
वर्कइंडिया के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नीलेश डूंगरवाल ने कहा, ‘‘अधिक महिलाओं का रोजगार की तलाश करना उत्साहजनक है, लेकिन नियोक्ताओं की मांग को अभी और आगे बढ़ने की जरूरत है।’’
 
डूंगरवाल ने कहा कि पहुंच, काम में लचीलापन, सुरक्षा और कार्यस्थल की व्यवस्था से जुड़ी बाधाओं को दूर करने से कंपनियों को महिलाओं, पहली बार काम तलाश रहे लोगों और गैर-महानगरीय उम्मीदवारों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
 
रिपोर्ट कहती है कि महिलाओं के आवेदनों में वृद्धि नौकरी की कई श्रेणियों में हुई है। बिक्री क्षेत्र में सबसे अधिक 56 लाख से अधिक आवेदन मिले। इसके बाद कार्यालय आधारित भूमिकाओं तथा यात्रा एवं आतिथ्य क्षेत्र का स्थान रहा।