छात्र आत्महत्या मामला: आईआईटी मुंबई के निदेशक ने इस्तीफा देने की बात कही

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-09-2026
Student suicide case: IIT Bombay director says he will resign
Student suicide case: IIT Bombay director says he will resign

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के एक छात्र की आत्महत्या को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर संस्थान के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे ने कहा है कि वह सोमवार को इस्तीफा दे देंगे।

हालांकि, केदारे ने स्पष्ट किया कि उन्हें इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए आईआईटी मुंबई के बोर्ड की बैठक सोमवार को होनी है।
 
प्रोफेसर केदारे ने रविवार देर रात प्रदर्शनकारियों से कहा, ‘‘मैं इस्तीफा दूंगा, हालांकि मुझे प्रक्रिया का पालन करना होगा और मैं सोमवार को बैठक के बाद अपने फैसले के बारे में बताऊंगा।’’
 
संस्थान का प्रशासन एक बैठक के दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से रखी गई 18 मांगों को मानने पर सहमत हो गया है।
 
अधिकारियों के अनुसार, ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल रवींद्र वाकोडे (22) का शव शुक्रवार शाम आईआईटी मुंबई के पवई परिसर स्थित छात्रावास के कमरे में पंखे से बंधे फंदे पर लटका मिला था।
 
आरोप है कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन और चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ ही घंटे बाद वाकोडे ने आत्महत्या कर ली।