आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश का राज्य का दर्जा बहाल किया जाना उसके विशेष दर्जे की अंतत: बहाली के लिए जरूरी है।
अब्दुल्ला ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के केंद्र के वादे की उसे लगातार याद दिलाता रहेगा और उम्मीद है कि वह अपनी प्रतिबद्धता पूरी करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा उसके विशेष दर्जे के लिए जरूरी है। नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के केंद्र के वादे की याद दिलाता रहेगा और हमें उम्मीद है कि वह अपनी प्रतिबद्धता पूरी करेगा।’’
मुख्यमंत्री अब्दुल्ला जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर सोमवार को दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के कारण पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन स्थल की ओर जाने से रोक दिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य के दर्जे की बहाली के लिए दिल्ली में किया गया प्रदर्शन केवल शुरुआत थी, अंत नहीं।’’
उमर अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर के लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी पार्टी अपने किए गए वादों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने लोगों को आश्वस्त करता हूं कि हम अपने वादों पर कायम हैं और अपने संकल्प पर अडिग रहेंगे। पार्टी नेतृत्व जल्द ही नयी रणनीति और कार्यक्रम तय करेगा।’’