Responding to the Prime Minister's statement, Priyanka said: "There should be no politics over war."
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक टिप्पणी को लेकर सोमवार को उनपर पलटवार करते हुए कहा कि युद्ध पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष पश्चिम एशिया संकट पर संसद में चर्चा चाहता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को केरल की एक चुनावी सभा में कांग्रेस पर ‘‘राजनीतिक फायदे’’ के लिए खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों के जीवन को खतरे में डालने वाली ‘‘खतरनाक’’ टिप्पणियां करने का आरोप लगाया था।
मोदी ने कहा था कि केरल के कई लोग संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में काम कर रहे हैं और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जान को खतरा इसलिए है कि ऊपर से बम गिर रहे हैं। उनको सुरक्षित निकालने के लिए क्या कर रहे हैं? युद्ध पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध पर सदन में चर्चा चाहते हैं। हम चाहते हैं कि सदन में इस मुद्दे पर बात हो, हम अपने सुझाव रखें और साथ में कोई समाधान ढूंढें। जैसे-जैसे युद्ध बढ़ रहा है, समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। आज लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा। ऐसा ही चलता रहा तो पेट्रोल-डीजल में कमी होगी।’’
प्रियंका गांधी ने सवाल किया, ‘‘इस ऊर्जा संकट से निपटने के लिए क्या योजना बनाई जा रही है? हमारे लोगों को युद्ध क्षेत्र से सुरक्षित निकालने के लिए क्या कर रहे हैं? ’’