Raj Bhavans have become BJP's 'war room': Trinamool criticises Centre over gubernatorial reshuffle
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि कई राज्यों में किए गए राज्यपालों के फेरबदल से मोदी सरकार का संवैधानिक संघवाद के प्रति अनादर झलकता है। पार्टी ने आरोप लगाया कि राजभवनों को भाजपा के ‘वार रूम’ में बदला जा रहा है।
पार्टी की यह प्रतिक्रिया तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर आई। उन्होंने सी. वी. आनंद बोस की जगह ली है, जिन्होंने बृहस्पतिवार को अचानक पद से इस्तीफा दे दिया था।
यह नियुक्ति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा बृहस्पतिवार देर रात कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपाल पदों में किए गए बड़े फेरबदल का हिस्सा थी।
तृणमूल कांग्रेस के नेता सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि राज्यपालों की नियुक्ति में राज्य सरकारों को शामिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने सरकारिया आयोग और पुंछी आयोग की सिफारिशों का हवाला देते हुए कहा, “सरकारिया आयोग ने सिफारिश की थी कि राज्यपाल की नियुक्ति के लिए समिति बनायी जाए और उनमें राज्य सरकारों को शामिल किया जाए।’’
रॉय ने ‘एक्स’ पर लिखा, “केंद्र-राज्य संबंधों पर पुंछी आयोग ने भी सिफारिश की थी कि राज्यपाल की नियुक्ति संबंधित राज्य से परामर्श के बाद होनी चाहिए। लेकिन कौन सुनता है?’’