रेलवे ने कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने के अयोध्या सांसद के आरोप को खारिज किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
Railways refutes Ayodhya MP's allegation of not being invited to the event
Railways refutes Ayodhya MP's allegation of not being invited to the event

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तर रेलवे ने बृहस्पतिवार को अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद के उस आरोप को खारिज कर दिया कि उन्हें इस सप्ताह की शुरुआत में सरयू कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया था।
 
उत्तर रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘कुछ मीडिया संस्थानों ने खबर दी है कि अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद को 23 नवंबर को सरयू कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन और उसे हरी झंडी दिखाने के समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया था।’’
 
अधिकारी ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट किया जाता है कि अन्य जनप्रतिनिधियों की तरह सांसद को भी 21 नवंबर को अपराह्न तीन बजकर 54 मिनट पर उनके आधिकारिक ईमेल पते पर निमंत्रण भेजा गया था।’’
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के उनके समकक्ष बालेन्द्र शाह ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या को नेपाल के जनकपुर से जोड़ती है।
 
अयोध्या से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद प्रसाद ने आरोप लगाया था कि उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया।
 
प्रसाद ने 23 नवंबर को ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा था, ‘‘मुझे अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि इस परियोजना के महत्व और अयोध्या धाम को जनकपुर से जोड़ने वाली ट्रेन की शुरुआत के बावजूद, मुझे न तो आमंत्रित किया गया और न ही फोन पर इसकी जानकारी दी गई। मुझे कोई निमंत्रण पत्र भी नहीं भेजा गया।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह अयोध्या की जनता का अपमान है, जिसने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना है। यह मेरा व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के उन भक्तों का अपमान है, जिन्होंने मुझे अपना सांसद चुना है। मुझे सूचित क्यों नहीं किया गया या निमंत्रण पत्र क्यों नहीं भेजा गया? संबंधित लोगों को इसका जवाब देना चाहिए।’’
 
हालांकि, प्रसाद द्वारा आरोप लगाए जाने के कुछ दिनों बाद, उत्तर रेलवे ने स्पष्ट किया कि उन्हें उनके आधिकारिक ईमेल पते के जरिए एक निमंत्रण पत्र भेजा गया था।