पंजाब : जालंधर में विस्फोट के बाद अमृतसर में सेना छावनी क्षेत्र के पास धमाका

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-05-2026
Punjab: After Jalandhar blast, explosion also took place near Amritsar Cantt.
Punjab: After Jalandhar blast, explosion also took place near Amritsar Cantt.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
पंजाब में सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास मंगलवार रात सिलसिलेवार हुए दो विस्फोट ने पूरे राज्य को दहला दिया और विपक्षी दलों ने इसकी निंदा करते हुए इसे राज्य को ‘‘अस्थिर’’ करने का प्रयास करार दिया।
 
पुलिस ने बताया कि पहला विस्फोट जालंधर में रात करीब आठ बजे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पंजाब फ्रंटियर के मुख्यालय के बाहर हुआ, जबकि दूसरा धमाका रात करीब 11 बजे अमृतसर में सैन्य छावनी के पास हुआ। इन विस्फोट में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
 
विस्फोट की दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।
 
अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुहैल मीर कासिम ने बताया कि पुलिस को रात करीब 11 बजे खासा की एक सड़क पर तेज आवाज में धमाके की सूचना मिली।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं।’’
 
एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि किसी व्यक्ति ने चारदीवारी की ओर विस्फोटक उपकरण फेंका और उससे धमाका हो गया। विस्फोट के बाद टिन की शीट का एक टुकड़ा गिर गया, जो दीवार पर लगा था।
 
विस्फोट के बाद फॉरेंसिक टीम और बम निष्क्रिय दस्ता घटनास्थल पहुंचा।
 
अमृतसर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य एस. वारियर भी घटनास्थल पहुंचे और उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।