आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बृहस्पतिवार को बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छह महीने बीत जाने के बाद भी सरकार की प्राथमिकताएं, लक्ष्य, कार्यक्रम और नीतियां स्पष्ट नहीं हैं।
यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर राज्य सरकार से कई सवाल पूछे और कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद छह महीने के भीतर राज्य ने दो मुख्यमंत्री देख लिए हैं और सरकार के कार्यकाल का पहले साल का 46.03 प्रतिशत समय व्यर्थ हो चुका है।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि लगभग 50 प्रतिशत समय बीत जाने के बावजूद सरकार की प्राथमिकताएं और नीतियां तय नहीं हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि अधूरे मंत्रिमंडल के साथ बिना विमर्श तथा विचार के निर्णय लिए जा रहे हैं।
राजद नेता ने दावा किया कि सत्ता के लोभ में राजग नेताओं ने नैतिकता और लोकलाज की मर्यादाएं त्याग दी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में पांच बार तथा 12 वर्षों में 10 बार सरकार का गठन और पुनर्गठन हुआ है।