आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम एशिया संकट के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली के बीच रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 95.34 पर पहुंच गया। हालांकि दोपहर में यह 95.25 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, डॉलर के मुकाबले 95.01 पर खुला। फिर 46 पैसे टूटकर 95.34 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। दोपहर के सत्र में घरेलू मुद्रा 37 पैसे फिसलकर 95.25 पर कारोबार कर रही थी।
रुपया बुधवार को 20 पैसे कमजोर होकर 94.88 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 98.79 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स दोपहर के कारोबार में 687.75 अंक टूटकर 76,808.61 अंक पर आ गया जबकि निफ्टी 228.60 अंक फिसलकर 23,949.05 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 3.46 प्रतिशत बढ़त के साथ 122.11 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,468.42 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।