Prime Minister Modi paid tribute to freedom fighter Shyamji Krishna Verma.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा की पुण्यतिथि पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका जीवन और उनके आदर्श हर पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
श्यामजी कृष्ण वर्मा का जन्म चार अक्टूबर 1857 को गुजरात के कच्छ जिले के मांडवी शहर में हुआ था और 30 मार्च 1930 को उनका निधन हुआ था।
प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, "भारत माता के वीर सपूत श्यामजी कृष्ण वर्मा को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन। उन्होंने अपने क्रांतिकारी विचारों से आजादी के आंदोलन में नई चेतना जगाई। उनका जीवन और उनके आदर्श देश की हर पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।"
मोदी ने कहा कि वर्मा का जीवन लोगों को साहस और हौसले की अद्भुत प्रेरणा देता है और यह देशवासियों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन की भावना भी जगाता है।
वर्मा भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे। उन्होंने लंदन में 'इंडिया हाउस' में एक क्रांतिकारी केंद्र की स्थापना की और अपनी पत्रिका 'द इंडियन सोशियोलॉजिस्ट' के जरिए स्वतंत्रता का प्रचार किया।