आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सीमा क्षेत्रों में अंतिम छोर तक संपर्क सुनिश्चित करने की केंद्र की प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए जम्मू कश्मीर मंडल के मुख्य डाक महाप्रबंधक डी एस वी आर मूर्ति ने लद्दाख के लेह जिले में भारत-चीन सीमा के पास स्थित एक डाकघर का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, डाकघरों के अधीक्षक अरविंद खेर के साथ मूर्ति ने चुशुल में डाक सेवाओं की समीक्षा की। चुशुल दुरबुक तहसील का ऊंचाई पर स्थित एक गांव है, जो भारत-चीन सीमा पर वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास स्थित है।
अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम, एकांत और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद इस क्षेत्र में डाक सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित हो रही हैं, जिससे सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों और तैनात सुरक्षा बलों के लिए संचार और संपर्क सुनिश्चित हो रहा है।
बुधवार को अपने दौरे के दौरान मूर्ति ने डाक कर्मचारियों से बातचीत की और कठिन परिस्थितियों में सेवाएं बनाए रखने के उनके समर्पण और धैर्य की सराहना की।
उन्होंने दूरदराज और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सेवा वितरण में सुधार के लिए डाक विभाग की प्रतिबद्धता दोहरायी।
पिछले आठ महीनों से डाकघर की इस शाखा में कार्यरत त्सेरिंग नॉरजोम से मुलाकात के बाद मूर्ति ने कहा, ‘‘उनका काम भारतीय डाक की उस प्रतिबद्धता और भावना को दर्शाता है, जिसके तहत भारतीय डाक सबसे दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच बना रहा है।’’