आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने राजधानी स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान का नाम बदलकर ‘पटना जू’ तथा संजय गांधी डेयरी प्रौद्योगिकी संस्थान का नाम बदलकर ‘बिहार स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी’ कर दिया है।
ये फैसले बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए।
दिवंगत कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पुत्र संजय गांधी के नाम पर रखा गया यह राज्य संचालित चिड़ियाघर राजधानी में बेली रोड के पास स्थित है और वर्ष 1973 में आम लोगों के लिए खोला गया था।
करीब 153 एकड़ क्षेत्र में फैले इस जैविक उद्यान में 110 से अधिक प्रजातियों के 800 से ज्यादा जीव-जंतु हैं।
पटना स्थित संजय गांधी डेयरी प्रौद्योगिकी संस्थान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) से मान्यता प्राप्त संस्थान है, जिसकी स्थापना राज्य सरकार ने वर्ष 1980 में की थी। यहां डेयरी प्रौद्योगिकी में बीटेक और एमटेक पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं।
मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए अन्य 61 फैसलों में ‘मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना’ के लिए 23,165 करोड़ रुपये आवंटित करने का निर्णय भी शामिल है। इस योजना के तहत राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाती है।
मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि इस राशि से चालू वित्तीय वर्ष में उपभोक्ताओं को सब्सिडी उपलब्ध कराने में ऊर्जा विभाग को सहायता मिलेगी।