आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने रायसीना रोड स्थित अपने मुख्यालय में सोमवार को सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ‘‘शव’’ के प्रतीक के रूप में सफेद चादर ओढ़कर लेट गए और ‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की।
कार्यकर्ता ‘‘वोट की चोरी नहीं चलेगी, जनता की आवाज नहीं दबेगी’’ जैसे नारे लिखी तख्तियां भी हाथों में लिए हुए थे।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने इस सांकेतिक प्रदर्शन के जरिए कुमार के कथित ‘‘पतन’’ और चुनावी प्रक्रिया की शुचिता को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं।
यह प्रदर्शन राष्ट्रीय राजधानी में चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर जारी प्रदर्शनों के बीच हुआ है। पिछले तीन दिनों में जंतर-मंतर के पास विरोध प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में लिया गया है।
एनएसयूआई कुमार के तत्काल इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। संगठन का आरोप है कि निर्वाचन आयोग ‘‘वोट चोरी’’ को लेकर उठाई गई चिंताओं का समाधान करने में विफल रहा है।