आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जो पार्टी नेतृत्व में एक पीढ़ीगत बदलाव का संकेत है।
सूत्रों ने बताया कि निशांत पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की उपस्थिति में जद(यू) में शामिल होंगे।
यह घटनाक्रम जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार द्वारा 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के दो दिन बाद सामने आया है, जो बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ है और राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने के उनके कार्यकाल की समाप्ति है।
पार्टी के एक सूत्र ने बताया, ‘‘निशांत कुमार ने शुक्रवार को यहां जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों से मुलाकात की और अपनी भावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। यह तय हो गया है कि निशांत रविवार को औपचारिक रूप से जदयू में शामिल होने के बाद सक्रिय राजनीति में प्रवेश करेंगे।’’
पार्टी के एक अन्य सूत्र ने बताया कि जद(यू) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार बिहार के एकमात्र मंत्री थे जो बैठक में उपस्थित थे।