रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2026 में कैडेट्स से की मुलाकात

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 19-01-2026
Minister of State for Defence, Sanjay Seth, met with the cadets at the NCC Republic Day Camp 2026.
Minister of State for Defence, Sanjay Seth, met with the cadets at the NCC Republic Day Camp 2026.

 

नई दिल्ली

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रविवार को दिल्ली कैंट स्थित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) 2026 का दौरा किया। उनके आगमन पर एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। इसके बाद द सिंधिया स्कूल, ग्वालियर के कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत बैंड प्रदर्शन ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। रक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी।

अधिकारियों और कैडेट्स को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारे संविधान और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स भारत के गौरवशाली अतीत और उज्ज्वल भविष्य के बीच एक जीवंत सेतु हैं। मंत्री ने आरडी शिविर को देश के युवाओं में अनुशासन, प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता का सशक्त प्रतिबिंब बताया।

उन्होंने कैडेट्स से स्वदेशी सोच के साथ आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए संजय सेठ ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में भारत में स्टार्टअप्स की संख्या लगभग 800 से बढ़कर दो लाख से अधिक हो गई है, जो देश की नवाचार क्षमता और युवाओं की ऊर्जा को दर्शाता है।

मंत्री ने 15 एनसीसी कैडेट्स की सराहना की, जिन्होंने वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन में रांची से दिल्ली तक 1300 किलोमीटर की यात्रा कर राष्ट्रीय एकता और वीर बिरसा मुंडा के मूल्यों का संदेश फैलाया। इसके अलावा, उन्होंने वर्ष 2025 में माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक आरोहण करने वाले 10 एनसीसी कैडेट्स की भी प्रशंसा की।

अपने समापन संबोधन में संजय सेठ ने कैडेट्स से आग्रह किया कि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना करते हुए कर्तव्य, देशभक्ति और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े रहें। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए इसी दृढ़ संकल्प और परिश्रम को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। साथ ही, उन्होंने एनसीसी अधिकारियों और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया, जो भावी नेतृत्व को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

दौरे के दौरान मंत्री ने ‘फ्लैग एरिया’ का भी निरीक्षण किया, जिसे देश के सभी 17 निदेशालयों के कैडेट्स ने विभिन्न सामाजिक जागरूकता विषयों पर सजाया था। उन्होंने ‘हॉल ऑफ फेम’ का भी भ्रमण किया, जहां कैडेट्स ने एनसीसी के गौरवशाली इतिहास, प्रशिक्षण गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।