मंडल तीर्थयात्रा की शुरुआत हुई, शबरिमला में भारी भीड़ उमड़ी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-11-2026
Mandala pilgrimage begins, huge crowds gather at Sabarimala
Mandala pilgrimage begins, huge crowds gather at Sabarimala

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केरलम के शबरिमला स्थित भगवान अय्यप्पा मंदिर के कपाट मंगलवार तड़के तीन बजे खुलने के साथ ही दो महीने तक चलने वाली वार्षिक मंडल-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा शुरू हो गई और हजारों श्रद्धालु ‘स्वामीये शरणम अय्यप्पा’ के जयकारों के बीच पहाड़ी क्षेत्र में स्थित मंदिर पहुंचे।
 
मलयालम कैलेंडर के महीने वृश्चिकम के पहले दिन नवनियुक्त मेलशांति (मुख्य पुजारी) अरीक्करा सुब्रमण्यम शंकरन नंबूदरी ने श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले। इसके साथ ही तीर्थयात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई।
 
मलिकप्पुरम मंदिर भी इसी समय खुला। वहां नवनियुक्त मेलशांति ए. दामोदरन नंबूदरी ने पूजा-अर्चना शुरू की।
 
पूजा की तैयारियों के लिए सोमवार शाम को दोनों मंदिर खोले गए थे। इस दौरान निवर्तमान मुख्य पुजारियों ने अपने उत्तराधिकारियों को कार्यभार सौंपा।
 
नवनियुक्त मेलशांति ने तंत्री कंदारू ब्रह्मदत्तन द्वारा पारंपरिक अभिषेक अनुष्ठान संपन्न कराए जाने के बाद अपना कार्यभार संभाला। सोमवार को तैयारी संबंधी अनुष्ठानों के बाद कोई अन्य प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं था।
 
शबरिमला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अधिकारियों को तीर्थयात्रा के शुरुआती दिनों में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
 
करीब 66,000 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन कतार प्रणाली के जरिए दर्शन के लिए बुकिंग कराई है, जबकि लगभग 14,000 श्रद्धालुओं ने मौके पर बुकिंग का विकल्प चुना है। प्रतिदिन दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या 80,000 निर्धारित की गई है।
 
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मंदिर की 18 पवित्र सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखना है। इसके लिए हर मिनट करीब 75 श्रद्धालुओं को सीढ़ियां चढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
 
राज्य के देवस्वओम मंत्री के. मुरलीधरन ने तड़के तीन बजे अय्यप्पा मंदिर में निर्माल्य दर्शन किए।
 
अधिकारियों ने मुख्य आधार शिविर निलक्कल, एरुमेली और वंदिपेरियार के पास सत्रम इलाके में मौके पर बुकिंग की व्यवस्था की है।
 
पंपा में मौके पर बुकिंग की सुविधा नहीं दी गई है, क्योंकि अधिकारियों को आशंका है कि इससे नदी किनारे स्थित इस तीर्थयात्री केंद्र में भीड़ बढ़ सकती है।
 
जिन श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन बुकिंग नहीं कराई है, वे मंदिर जाने से पहले निर्धारित केंद्रों पर मौके पर बुकिंग की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
 
सोमवार को पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक पी. विजयन ने श्रद्धालुओं से तीर्थयात्रा सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए ऑनलाइन कतार प्रणाली का इस्तेमाल करने की अपील की थी।
 
उन्होंने ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर पहुंचने का भी आग्रह किया था। विजयन ने कहा था कि श्रद्धालुओं के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने से अन्य श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं।
 
त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड के अध्यक्ष के. जयकुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं में सुधार के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इनमें रोशनी की बेहतर व्यवस्था, कचरा प्रबंधन में सुधार और भीड़ को नियंत्रित करने के उपाय शामिल हैं।