आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मलाबार गोल्ड एंड डायमंड्स ने क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को अपना ब्रांड एम्बैसडर बनाया है।
मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स, विविध कारोबार वाले भारतीय समूह मलाबार ग्रुप की प्रमुख कंपनी है। इसकी शुरुआत 1993 में की गई थी। कंपनी के 14 देशों में 450 से अधिक शोरूम हैं।
मालाबार समूह के चेयरमैन एम.पी. अहमद ने मंगलवार को जारी बयान में कहा, ‘‘आज उपभोक्ता जिस भी ब्रांड का चयन करता है उससे काफी अपेक्षाएं रखता है। उत्कृष्ट उत्पादों के साथ वे हर खरीदारी में पारदर्शिता, प्रामाणिकता और भरोसा भी चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा कि धोनी ने अपनी ईमानदारी, अनुशासन और निरंतरता के दम पर करोड़ों लोगों का सम्मान और विश्वास अर्जित किया है। ये खूबियां कंपनी के मूल्यों से भी मेल खाते हैं। इसी वजह से उन्हें ब्रांड एम्बैसडर बनाया गया है।
धोनी ने कहा, ‘‘ अपने पूरे करियर में मेरा यही मानना रहा है कि काम और निरंतरता के दम पर ही भरोसा अर्जित किया जाता है। यही बात मलाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के साथ मेरे इस जुड़ाव को सार्थक बनाती है।’’
धोनी ने कहा कि वह लोगों को आभूषण खरीदने के बारे में सोच-समझकर फैसला लेने के लिए प्रोत्साहित करने में मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स का सहयोग करेंगे।