महाराष्ट्र के सीएम ने मुंबई से सावंतवाड़ी के लिए गणपति स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 26-08-2025
Maharashtra CM flagged off Ganpati special train from Mumbai to Sawantwadi
Maharashtra CM flagged off Ganpati special train from Mumbai to Sawantwadi

 

मुंबई 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से कोकण के सावंतवाड़ी के लिए चलने वाली गणपति स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

फडणवीस ने बताया कि इस बार गणेशोत्सव पर कोकण जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 367 विशेष ट्रेनें और 550 बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से संभव हो सकी है।

पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा, “मुंबई में रहने वाले कोकणवासी गणेशोत्सव मनाने के लिए अपने गांव जाते हैं... इस बार प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के आशीर्वाद से 367 स्पेशल ट्रेनें कोकण के लिए चलेंगी। भाजपा ने कई ट्रेनों को प्रायोजित भी किया है... साथ ही कोकण के लिए 550 बसें भी चलाई जाएंगी।”

अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन

भारतीय रेलवे ने इस साल 380 गणपति स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इससे भक्तों और यात्रियों को त्योहारी सीजन में आरामदायक और सुगम यात्रा मिल सकेगी।

2023 में 305 और 2024 में 358 गणपति स्पेशल ट्रेन यात्राएं कराई गई थीं, जबकि इस बार यह आंकड़ा सबसे अधिक है।

किस रेलवे से कितनी सेवाएं

  • सेंट्रल रेलवे: 296 सेवाएं (सबसे अधिक)

  • वेस्टर्न रेलवे: 56 सेवाएं

  • कोकण रेलवे (KRCL): 6 सेवाएं

  • साउथ वेस्टर्न रेलवे: 22 सेवाएं

ट्रेनों के स्टॉपेज में कोकण क्षेत्र के कोलाड, इंदापुर, माणगांव, खेड, चिपलून, रत्नागिरी, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड, थिवीम, मडगांव, करवार, मुरुडेश्वर, उडुपी और सुरथकल समेत कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

27 अगस्त से 6 सितंबर तक गणेशोत्सव

गणपति पूजा इस साल 27 अगस्त से 6 सितंबर तक मनाई जाएगी। बढ़ती भीड़ को देखते हुए गणपति स्पेशल ट्रेनें पहले से ही 11 अगस्त 2025 से चलनी शुरू हो चुकी हैं और त्योहार नजदीक आते ही सेवाओं की संख्या और बढ़ाई जाएगी।

इन ट्रेनों का पूरा शेड्यूल IRCTC वेबसाइट, RailOne ऐप और पीआरएस काउंटरों पर उपलब्ध है।