आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में अनेक जगह बीते चौबीस घंटे में हल्की से मध्यम बारिश हुई वहीं कई स्थानों पर आज भी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार सुबह तक के 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक 36 मिलीमीटर बारिश जयपुर के दूदू में दर्ज की गई।
इसके अनुसार आज भी पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से शनिवार को भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर संभाग में कहीं-कहीं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। साथ ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसी तरह जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की बारिश की गतिविधियां 18 अक्टूबर को भी जारी रहने की संभावना है। हालांकि 19 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर भागों में आगामी पांच-छह दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23-24 अक्टूबर को सक्रिय हो सकता है।