दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ बिहार विधानमंडल परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-07-2026
Legislative Assembly premises against police action on protesters in Delhi
Legislative Assembly premises against police action on protesters in Delhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में यहां बिहार विधानमंडल परिसर में विपक्षी दलों के सदस्यों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया।
 
विपक्षी सदस्यों ने बिहार विधानसभा एवं विधान परिषद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया तथा अपनी बांहों पर काली पट्टियां बांधी।
 
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक चंद्रशेखर यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘छात्र नयी दिल्ली में शांतिपूर्ण मार्च में हिस्सा ले रहे थे, इसके बावजूद उनपर जिस बर्बरता से लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए, वह लोकतंत्र पर एक कलंक है।’’
 
यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की।
 
उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र और संविधान विरोधी इस सरकार को जाना होगा। काले कारनामों, भ्रष्टाचार और देश को अपने कुछ उद्योगपति मित्रों के हाथों बेचने वाली इस सरकार को देश पर शासन करने का कोई अधिकार नहीं है।’’