Leaders of the 'India' alliance will meet the President at 8 pm on the issue of the Election Commission.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितता और ‘वोट चोरी’ के मामले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार रात आठ बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से मुलाकात के लिए रात आठ बजे का समय दिए जाने की जानकारी शुक्रवार सुबह दी गई।
राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए जाने वाले विपक्षी प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की अध्यक्ष ममता बनर्जी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव शामिल होंगे।
सूत्रों ने बताया कि नेता शाम पांच बजे संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में पहले बैठक करेंगे और इसके बाद 'वोट चोरी' के खिलाफ एक बार फिर प्रदर्शन कर सकते हैं।