Lal Hit Janata Party protests in Delhi against the use of abusive language against the Prime Minister
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से एक दिन पहले शुक्रवार को मध्य दिल्ली में करीब 200 लोग एकत्र हुए और पिछले प्रदर्शनों के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमलों तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल की निंदा की।
प्रदर्शनकारी ‘लाल हिट जनता पार्टी’ के आह्वान पर जनपथ पर एकत्र हुए थे। इस संगठन का नाम कीट नियंत्रण के एक लोकप्रिय ब्रांड पर रखा गया है, जिसे कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नाम के व्यंग्यात्मक जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
संगठन के प्रतिनिधि अयान भटनागर ने कहा, ‘‘अगर कोई किसी बाहरी व्यक्ति व्यक्ति के लिए भी अपशब्द कहता है तो हम उसे रोकने की कोशिश करते हैं। प्रधानमंत्री हमारे परिवार का हिस्सा हैं और उनके खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। हमारे नायकों, जवानों और दिल्ली पुलिस के कर्मियों को अपशब्द कहना बंद होना चाहिए। इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’’
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि व्यवस्था में बदलाव की मांग करने वालों का विरोध जताने का मौजूदा तरीका उचित नहीं है।
कॉजपा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है। कुमार पर आरोप है कि उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में उनमें हेरफेर किया और मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले महत्वपूर्ण प्रपत्र-6 में बदलाव करते समय निर्वाचन आयोग के अन्य दो सदस्यों को दरकिनार किया।