Kolkata Police's STF busts inter-state drug smuggling gang, seven detained: Chief Minister
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पुरुलिया जिले में कार्रवाई कर अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है और सात लोगों को हिरासत में लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पुरुलिया जिला पुलिस के साथ मिलकर सोमवार रात पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलकुड़ी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 18 पर एक ट्रक को रोका और उससे बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया।
मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के दौरान बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मैं हमारी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित, समन्वित और दृढ़ कार्रवाई की सराहना करता हूं।"
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ ट्रक की चालक सीट के पीछे बनाई गई विशेष रूप से छिपी हुई गुप्त जगह से बरामद किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा, "ओडिशा से आसनसोल की ओर ट्रक के साथ चल रहे दो एस्कॉर्ट वाहनों को भी रोका गया और इस अभियान के दौरान सात लोगों को हिरासत में लिया गया।"
मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार अवैध मादक पदार्थ तस्करी और युवाओं तथा समाज की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए खतरा पैदा करने वाली किसी भी गैरकानूनी गतिविधि के प्रति 'शून्य सहिष्णुता' की नीति अपनाती है।
उन्होंने यह भी कहा, "मैं हमारे पुलिसकर्मियों की निरंतर सतर्कता और समर्पण की सराहना करता हूं। हम आपराधिक गिरोहों को पूरी सख्ती से खत्म करने का अभियान जारी रखेंगे।"