केरल उच्च न्यायालय ने छात्रों का निलंबन रद्द किया, माकपा ने साधा शिक्षा मंत्री पर निशाना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-11-2026
Kerala High Court cancels suspension of students, CPI(M) targets Education Minister
Kerala High Court cancels suspension of students, CPI(M) targets Education Minister

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केरलम के कालडी में स्थित श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय के 16 छात्रों का निलंबन उच्च न्यायालय द्वारा रद्द किए जाने के बाद माकपा ने सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन और कुलपति पर तीखा हमला बोला।
 
दूसरी ओर, जॉन ने कहा कि सरकार अदालत के आदेश का पालन करेगी।
 
परिसर में सुविधाओं की कमी को लेकर एसएफआई के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कुलपति सीजा थॉमस के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की। इस कार्रवाई को चुनौती देने वाली छात्रों की याचिकाएं उच्च न्यायालय ने स्वीकार कर लीं।
 
नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने छात्रों को उनकी जीत पर बधाई दी।
 
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘संघर्ष और बलिदान के जरिए अपने अधिकार और न्याय पाने वाले छात्रों को हार्दिक बधाई।’’
 
विजयन ने आरोप लगाया कि छात्रों को संघ परिवार और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के संयुक्त हमले का सामना करना पड़ा।
 
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन ने दोनों के एजेंडे का विरोध कर उन्हें विफल करके आगे बढ़ने का रास्ता बनाया।
 
विजयन ने कहा कि निलंबन रद्द करने और छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति देने का उच्च न्यायालय का फैसला सच्चाई और छात्र एकता की जीत है।