आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण देश में एलपीजी की बढ़ती कमी के बीच यहां चाला बाजार क्षेत्र में एक होटल से बृहस्पतिवार को देर रात 19 किलोग्राम का वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर कथित रूप से चोरी हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को देर रात करीब दो बजे चाला बाजार स्थित वीएस होटल से रसोई गैस सिलेंडर चोरी होने की सूचना मिली।
वीएस होटल के मालिक विमल कुमार ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया कि आरोपी रसोई क्षेत्र का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर लेकर फरार हो गया।
उन्होंने कहा, “रसोई का दरवाजा दुकान के सामने वाले हिस्से में है। अंदर घुसने के बाद उसने सीसीटीवी कैमरे को बंद करने के लिए बिजली आपूर्ति काट दी, लेकिन कैमरा यूपीएस से जुड़ा हुआ था।”
कुमार के अनुसार जब आरोपी को पता चला कि सीसीटीवी कैमरा अब भी काम कर रहा है, तो उसने कैमरे की दिशा बदल दी।
उन्होंने बताया, “रसोई में तीन सिलेंडर थे। दो इस्तेमाल में थे और एक भरा हुआ सिलेंडर था। आरोपी भरा हुआ सिलेंडर लेकर चला गया।”
एलपीजी की कमी और चोरी की घटना के कारण होटल को अपना परिचालन बंद करना पड़ा है।