Kawasaki Heavy Industries to invest up to Rs 800 crore in Karnataka, create 600 jobs
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जापान की कंपनी कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज कर्नाटक में अगले 10 वर्षों के दौरान 800 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी। कंपनी बेंगलुरु के पास होरोहल्ली औद्योगिक क्षेत्र में विप्रो कावासाकी प्रिसिजन मशीनरी प्राइवेट लिमिटेड की विनिर्माण इकाई का विस्तार करेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से करीब 600 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कर्नाटक सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
यह समझौता तोक्यो में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और बड़े एवं मध्यम उद्योग तथा बुनियादी ढांचा विकास मंत्री एम बी पाटिल की मौजूदगी में किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, समझौता ज्ञापन पर वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के प्रधान सचिव एस सेल्वकुमार, कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज के केंजी मात्सुशिता और विप्रो कावासाकी प्रिसिजन मशीनरी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मिनोरू हत्सुदा ने हस्ताक्षर किए।
मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, प्रस्तावित इकाई में निर्माण उपकरण उद्योग के लिए हाइड्रोलिक पंप, 'स्विंग मोटर' और उनसे जुड़े कलपुर्जों का विनिर्माण किया जाएगा।
बयान में कहा गया कि निवेश दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 200 करोड़ से 400 करोड़ रुपये और दूसरे चरण में 400 करोड़ से 800 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इस परियोजना से विनिर्माण क्षेत्र में करीब 600 गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।