Karnataka government in touch with Uttarakhand officials on helicopter crash: Shivakumar
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को उत्तराखंड के जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना में राज्य के पांच पर्यटकों की मौत पर दुख जताया और कहा कि प्रभावित लोगों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है।
उत्तराखंड के जोशीमठ में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें कर्नाटक के पांच लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में बेंगलुरु पुलिस का एक निरीक्षक भी शामिल था।
शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उत्तराखंड में हुई यह दुखद घटना हम सभी के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा, “मैं भी पिछले दो-तीन वर्षों में उस स्थान पर जा चुका हूं। इस स्थिति में कर्नाटक के हमारे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के संबंधित सभी अधिकारी भी इस मामले पर करीबी नजर रख रहे हैं। मैंने उन्हें सभी जरूरी जानकारियां दे दी हैं।”
दुर्घटना में जान गंवाने वाले पांच पुरुष यात्रियों की पहचान हासन के व्यवसायी प्रताप, बेंगलुरु पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा के निरीक्षक अरुण सालुंके, अधिवक्ता शंकर गौड़ा और सुधीर के. तथा कुक्कुट पालन व्यवसायी एच. एस. नटराज के रूप में हुई है।
हेलीकॉप्टर के पायलट कैप्टन हिमांशु की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। शिवकुमार ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताते हुए कहा कि लोग भगवान के दर्शन करने गए थे, जहां उनके साथ ऐसी घटना हो गई।
उन्होंने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। दिवंगत आत्माओं को शांति मिले। मैं प्रार्थना करता हूं कि भविष्य में हमारे सभी पर्यटक अधिक सावधानी बरतें। हमें आगे से ज्यादा सतर्क रहना होगा।”