Karnataka Deputy Chief Minister writes to Prime Minister, Home Minister seeking central assistance to deal with drought
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने राज्य के 226 तालुकों में गंभीर सूखे से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान से सोमवार को एक बार फिर तत्काल 22,400.58 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता देने की अपील की।
सूखे के कारण राज्य को 62,481 करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।
राजस्व विभाग का भी जिम्मा संभाल रहे परमेश्वर ने तीनों नेताओं को अलग-अलग पत्र लिखकर उनसे मिलने का समय मांगा, ताकि वह उन्हें राज्य में सूखे की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दे सकें।
उन्होंने राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष (एनडीआरएफ) के तहत मांगी गई वित्तीय सहायता को जल्द मंजूरी देने और जारी करने का भी अनुरोध किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, ‘‘प्राकृतिक आपदाएं न तो राजनीतिक सीमाओं को पहचानती हैं और न ही वैचारिक मतभेदों को। उनसे निपटने के लिए हमारी प्रतिक्रिया में भी यही समझ दिखाई देनी चाहिए।’’
उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से दिखाई जा रही कथित सुस्ती पर चिंता और निराशा जताई।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कई बार अपनी मांग रख चुकी है, लेकिन केंद्र ने अब तक इस पर तत्काल कार्रवाई नहीं की है।